द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। तहसील के दौला क्षेत्र में एक कारपेंटर और उसके साथियों को रात में अपना ही सामान लेकर जाना महंगा पड़ गया। ग्रामीणों ने गलतफहमी में उन्हें चोर समझकर उनकी जमकर धुनाई कर दी। राजस्व पुलिस के मौके पर पहुंचने पर ही स्थिति स्पष्ट हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
जिला रामपुर यूपी के कस्बा टांडा निवासी कारपेंटर शाकिर ने कुछ माह पूर्व दौला में फर्नीचर बनाने के लिए एक दुकान किराए पर ली थी, लेकिन दुकान चली नहीं। इस कारण शाकिर अपने गांव लौट गया। शुक्रवार रात वह थाना भगतपुर ठाकुरद्वारा यूपी निवासी अपने भांजे नासिर और बोलेरो यूपी 79पी 3636 के चालक मो. आरिफ के साथ दुकान से सामान ले जाने आया था।
बताया गया है कि रात में जैसे ही कारपेंटर शाकिर और उसके साथी सामान लेकर जा रहे थे, तो गलतफहमी में ग्रामीणों ने उन्हें चोर समझ लिया और तीनों की जमकर धुनाई कर दी। सूचना राजस्व पुलिस को दी गई, रात्रि में ही उप राजस्व निरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट वहां पहुंच गए, उन्होंने बमुश्किल तीनों की जान छुड़ाई और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट में उनका उपचार कराया। मामले की जांच की गई। आरोपियों के निर्दोष मिलने पर उन्हें छोड़ दिया गया।