कार का स्टेयरिंग लॉक हो जाने के कारण कार खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई। कार पेड़ में नहीं अटकी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के मुताबिक अल्मोड़ा से चमोली की तरफ जा रही कार संख्या यूके 11ए, 2947 का बिजोरिया बैंड के पास स्टेयरिंग लॉक हो गया। स्टेयरिंग लॉक होते ही कार खाई की तरफ एक पेड़ से टकराकर रुक गई।
कार पेड़ पर नहीं अटकी होती तो खाई में जा सकती थी। कार को चालक पुरुषोत्तम कुमार चला रहा था। जिसमें उसकी पत्नी, साली और दो बच्चे भी थे। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को सहायता से सभी को कार से बाहर निकाला। हालांकि किसी को अस्पताल ले जाने की नौबत नहीं आई।