मौलेखाल (अल्मोड़ा)। बुढ़ाकोट से रामनगर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार मरचूला-गोलीखान मार्ग पर पीतल नगरी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस से रामनगर ले जाया गया। दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और स्टेयरिंग लॉक होना बताया जा रहा है।
मंगलवार को कार (डीएल5सीएफ4117) बुढ़ाकोट से रामनगर जा रही थी। सल्ट के मरचूला-गोलीखान मोटर मार्ग पर सुबह साढ़े नौ बजे कार करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में मेहरबान सिंह (60) पुत्र राजे सिंह निवासी बुढ़ाकोट (सल्ट) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक हरीश सिंह (32) पुत्र मेहरबान सिंह निवासी बुढ़ाकोट, लक्ष्मी देवी (35) पत्नी प्रसन्न राम निवासी भैसियागंगाश्री (सल्ट), जगत राम (41) पुत्र राजाराम भौनडाड़ा (सल्ट) और गुड्डी देवी (50) पत्नी हिम्मत राम भैसियागंगाश्री सल्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे ग्रामीण, पुलिस और राजस्वकर्मी घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक लाए। सभी को 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए रामनगर ले जाया गया। राजस्व उपनिरीक्षक कौशल चौहान ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टर्माटम के लिए रानीखेत भेजा गया है।
निर्माणाधीन मकान पर गिरा बेकाबू ट्रक
धौलछीना (अल्मोड़ा)। बाड़ेछीना के शील गांव के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन भवन पर जा गिरा। हादसे में चालक घायल हो गया। सोमवार देर रात खड़िया लेकर सेराघाट से हल्द्वानी जा रहा ट्रक (यूके04/1341) बेकाबू होकर सड़क से करीब 20 फिट नीचे स्वास्थ्य कर्मी देवेंद्र सिंह के निर्माणाधीन भवन पर जा गिरा। लिंटर की टेक लगी होने से निर्माणाधीन भवन टूटने से बच गया। हादसे में चालक पिथौरागढ़ निवासी गणेश राम (30) पुत्र देव राम वाहन में फंस गया। ग्रामीणों ने कटर मशीन से ट्रक की बॉडी काटकर और शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे में विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है। हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झोंक आने को बताया जा रहा है।