निकटवर्ती ढौरा गांव से लौट रही एक कार विश्वनाथ के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार चला रहे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक गोलना करड़िया निवासी त्रिलोचन डुंगराकोटी (55) अपनी मारुति 800 कार संख्या यूके 04, के-1398 में अपने दो साथियों के साथ किसी बरात में विश्वनाथ से आगे ढौरा गांव गए थे। बताया गया है कि त्रिलोचन डुंगराकोटी अस्थमा से पीड़ित थे और लौटते वक्त विश्वनाथ से कुछ दूर पहले उन्हें अचानक खांसी आई जिससे वह कार से नियंत्रण खो बैठे। कार तेज गति से एक पिलर से टकरा गई। जिससे त्रिलोचन डुंगराकोटी के सिर में गंभीर चोट आ गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना में कार में सवार राजेंद्र सिंह पुत्र कुंवर सिंह निवासी धारानौला और दयाकृष्ण जोशी निवासी कैंट अल्मोड़ा को भी चोटें आई। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। बताया गया है कि दोनों घायल भी एनसीसी में कार्यरत हैं। डा. सौरभ जोशी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई। जानकारी मिलने के बाद कोतवाल अरुण कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि त्रिलोचन एनसीसी में चालक पद पर तैनात थे।