अतिक्रमण हटाते छावनी परिषद के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
नगर में धड़ल्ले से हो रहे अतिक्रमण पर आखिरकार छावनी परिषद का हथौड़ा चल ही गया। बाजार में कई स्थानों पर लोगों ने बगैर अनुमति के रातों रात टिन शेड के खोम्चे खड़े कर दिए थे। इधर मामला प्रकाश में आने के बाद छावनी परिषद की सीईओ ने इन्हें तोड़ने के निर्देश जारी किए। कैंट कर्मचारियों ने मंगलवार को पुलिस के सहयोग से तीन दुकानों को ध्वस्त कर दिया जबकि, एक दुकान का हिस्सा बढ़ा हुआ था, कर्मचारियों ने इन्हें चिन्ह्ति कर दुकानदार से अतिशीघ्र इसे तोड़ने को कहा है।
मालूम हो कि पर्यटन नगरी छावनी परिषद के अधीन है, यहां भवन निर्माण अथवा दुकान निर्माण के लिए पहले छावनी परिषद से अनुमति लेनी जरूरी होती है, लेकिन कई बार लोग बगैर अनुमति के टिन शेड भी खड़ा कर देते हैं। ऐसा ही मामला यहां विजय चौक, रोडवेज स्टेशन के समीप और गांधी चौक पर भी सामने आया है। यहां लोगों ने रातों रात गुपचुप तरीके से टिन शेड के खोम्चे खड़े कर दिए थे।
बताया गया है कि दो दुकानें मार्च पहले सप्ताह में ही बना दी गई थीं, जबकि एक दुकान सोमवार रात तैयार कर दी गई। इधर, मामला संज्ञान में आने के बाद छावनी परिषद की सीईओ ज्योति कपूर के निर्देश पर कर्मचारियों ने आज टिन शेडों को ध्वस्त कर दिया। जबकि गांधी चौक स्थित दुकान का कुछ हिस्सा मानकों के विपरीत पाया गया, कैंट ने इसे चिन्ह्ति कर दुकानदार से इसे स्वयं तोड़ने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर बोर्ड के अवर अभियंता गोपाल बिष्ट, स्वच्छता अधीक्षक एपी सिंह, ईश्वर सिंह, कमल फर्त्याल, राजेंद्र पंत, चंदन कुमार सहित तमाम लोग मौजूद थे।