द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बहुउद्देशीय शिविर मजाक बनकर रह गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आयोजित शिविर से सीडीओ ही नदारद थे। अधिकांश जिला स्तरी अधिकारियों के नहीं पहुंचने दूर दराज से आए फरियादियों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाया।
ग्राम पंचायत अधिकारियों के हड़ताल पर चले जाने के कारण परिवार रजिस्टर के फार्म तक नहीं भरे गए, अलबत्ता कुछ विभागों की शिकायतें दर्ज हो सकीं। दो दिन पहले सीडीओ ने द्वाराहाट में बहुउद्देशीय शिविर शुक्रवार को आयोजित करने की घोषणा की थी, लेकिन शिविर मेें सीडीओ ही नहीं पहुंचे।
जिला स्तरीय अधिकारी भी नदारद थे, जिस कारण काम धाम छोड़कर दूर दराज से पहुंचे फरियादियों की भारी फजीहत हुई। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भी हड़ताल के चलते शिविर में नहीं आए। शिविर में मुख्यमंत्री राहत कोष के चेक बांटे जाने थे, लेकिन चेक नहीं बंटे। अलबत्ता शिविर में जन्म रजिस्ट्रेशन के 18, दिव्यांग के 18 प्रमाण पत्र बने। 60 लोगों का स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। 13 दिव्यांगों को यंत्र बांटे गए।