फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अल्मोड़ा में राष्ट्रीय स्तर की यूनिवर्सिटी अगले साल तक

Tue, 07 Apr 2015 11:45 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, अल्मोड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि अल्मोड़ा में राष्ट्रीय स्तर का आवासीय विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा, जो अगले साल तक अस्तित्व में आ जाएगा। उन्होंने अल्मोड़ा दुग्ध संघ को 50 लाख की आर्थिक सहायता देने, जिले में दो चिलिंग प्लांट स्थापित करने और अल्मोड़ा में स्वामी विवेकानंद की स्मृति में 50 लाख रुपए की लागत का भव्य पार्क बनाने की घोषणा की। इसके अलावा करीब 78 करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। सीएम ने राज्य के बजट में कटौती करने पर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा।
विज्ञापन


सीएम मंगलवार को नंदादेवी प्रांगण में दुग्ध संघ और श्रम विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गंगा गाय योजना के लक्ष्य को पांच हजार से बढ़ाकर दोगुना करने की घोषणा की। इस योजना का लाभ सबसे पहले विधवा महिलाओं को देने की बात कही। महिला दुग्ध समितियों की संख्या बढ़ाने के लिए अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।

दुग्ध संघ अध्यक्ष दीप डांगी और विधायक मनोज तिवारी सहित अन्य लोगों की मांग पर आर्थिक तंगी से गुजर रहे अल्मोड़ा दुग्ध संघ को 50 लाख रुपए की सहायता देने और जिले में दो चिलिंग प्लांट खोलने की घोषणा की। अल्मोड़ा में स्वामी विवेकानंद की स्मृति में 50 लाख रुपए की लागत से भव्य पार्क बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा में अगले साल तक आवासीय विवि अस्तित्व में आ जाएगा। इसका मॉडल जेएनयू के स्तर का बनवाया जाएगा।
विज्ञापन


रैमजे इंटर कालेज में इंटरमीडिएट में विज्ञान को सवित्त मान्यता देने, जीआईसी के मैदान का जीर्णोध्दार और नंदादेवी मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की। सीएम ने इस बात पर चिंता जताई कि आज भी पहाड़ से लगातार पलायन हो रहा है और इसमें अल्मोड़ा तथा पौड़ी सबसे आगे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कल्याणकारी कार्यों के लिए सरकार की सराहना की। दुग्ध, श्रम और सेवायोजना मंत्री हरीश दुर्गापाल ने लोगों से उनके मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने भी सरकार के कार्यों का उल्लेख करने के साथ ही मुख्यमंत्री के सामने कई समस्याएं रखी। सोमेश्वर की विधायक रेखा आर्या ने अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याएं रखीं।

दुग्ध संघ अध्यक्ष दीप सिंह डांगी ने दुग्ध संघ की घाटे की स्थिति और अन्य समस्याओं से अवगत कराया और आर्थिक सहायता की मांग की। पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने अल्मोड़ा में आवासीय विवि के अलावा अन्य योजनाएं शुरु करने की मांग की। कार्यक्रम का संचालन दुग्ध संघ के प्रधान प्रबंधक पीसी शर्मा और अरुण नगरकोटी ने किया।

 इस मौके पर वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रशांत भैसोड़ा, राज्य दुग्ध फेडरेशन के अध्यक्ष अर्जुन रौतेला, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, संजय किरौला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र बाराकोटी, नगर अध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक आदि मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें