इसी चूरन वाले नोट से चूना लगा रहे नाबालिग। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर में इन दिनों कुछ नाबालिग दुकानदारों को चूरन का नोट थमाकर माल ले जा रहे हैं। नाबालिग सायंकाल अंधेरे में दुकानों में घुसते हैं, सामान की लिस्ट थमाई, पांच सेे दो हजार रुपये तक का सामान पैक कराकर दुकानदार उन्हें देता है और नाबालिग असली सा लगता चूरन का नोट दुकानदार को थमाकर वहां से चंपत हो जा रहे हैं। अभी तक नाबालिग दो दुकानदारों को चूना लगा चुके हैं। इधर, शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। सीसीटीबी कैमरे में दो नाबालिग कैद होने की सूचना भी है।
बताया जा रहा है कि चार दिन पूर्व यहां कचहरी लाइन स्थित पूर्व सैनिक दान सिंह की दुकान पर सायंकाल दो नाबालिग पहुंचे। उन्होंने सात से आठ सौ रुपये का सामान पैक कराया और चूरन वाला नोट दुकानदार को थमाकर सामान लेकर चंपत हो गए। दुकान स्वामी ने बताया कि गौर से देखा तो नोट पर चिल्ड्रन टाय बैंक लिखा था और अमिताभ बच्चन की फोटो छपी थी।
नाबालिगों का पीछा भी किया, लेकिन वे भाग निकले। । इसके दूसरे दिन नाबालिग यहां गांधी चौक स्थित पान की दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने अंग्रेजी में लिखी सामग्री लिस्ट दुकानदार को थमाई, लगभग 18 सौ रुपये का सामान पैक किया गया, दो हजार का चूरन का नोट थमाकर नाबालिग भाग निकले।
दुकान स्वामी कुंदन गिरि ने बताया कि वह भी नैनीताल बैंक स्थित सड़क तक उनके पीछे भागे, लेकिन कोई हाथ नहीं आया। कुछ अन्य दुकानों में भी नाबालिगों ने प्रयास किया। पुलिस कोतवाल भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने बताया कि दुकानदारों की मौखिक सूचना आई थी। दुकानों के आसपास की सीसीटीबी फुटेज देखी गई तो दो नाबालिग सामान लेकर भागते हुए दिख रहे हैं। मामले की जांच चल रही है।