स्याल्दे (अल्मोड़ा)। देघाट से जौरासी के बीच करीब 11 किमी लंबा मोटर मार्ग अपनी बदहाली का रोना रो रहा है। सड़क की जर्जर हालत के कारण रामनगर से जौरासी के लिए शुरू की गई बस सेवा देघाट से आगे नहीं बढ़ पा रही है। इस वजह से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
करीब एक वर्ष पहले ग्रामीणों की मांग पर केमू बस सेवा तो शुरू हो गई थी लेकिन सड़क की हालत सुधारने के प्रति विभाग की लापरवाही ने लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जगह-जगह गड्ढों और धूल-मिट्टी से भरी इस सड़क पर वाहनों का चलना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को समस्या बता दी है लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। देघाट-जौरासी मोटर मार्ग की बदहाली से गोलना, सनैभीड़ा, चौना, ग्वालवीना, सौगड़ा तल्ला-मल्ला और जौरासी समेत कई अन्य गांवों की 1500 से अधिक की आबादी को दिक्कत हो रही है। इन गांवों के अधिकतर लोग रोजमर्रा के काम, इलाज और बाजार की जरूरतों के लिए इसी मार्ग से देघाट या स्याल्दे आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुधरने से न केवल बस सेवा नियमित होगी बल्कि यात्रा भी सस्ती और सुगम हो जाएगी।
-
बोले लोग-
क्षेत्र की कई सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है जबकि हमारी सरकार का उद्देश्य हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना है। विभाग को चाहिए कि इन सड़कों के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान दे। ऐसी समस्याओं को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की जाएगी ताकि दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। - मीना शर्मा, जिला पंचायत सदस्य, चिंतोली
इस सड़क पर सफर करना अब खतरे से खाली नहीं है। लंबे समय से सड़क कच्ची पड़ी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों के कारण छोटे वाहनों में सफर करना मुश्किल हो जाता है जबकि बड़ी बसें देघाट से आगे नहीं जा पातीं। इसका खामियाजा रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को उठाना पड़ रहा है। -चंपा बिष्ट , सनैभीड़ा
देघाट से जौरासी तक का सफर अब जान जोखिम में डालकर करना पड़ता है। सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर विभाग को कई बार अवगत कराया गया लेकिन हर बार केवल टालमटोल ही होती रही। करीब चार महीने से रामनगर से चलने वाली बस जौरासी तक नहीं पहुंच पाई है। -हशां दत्त, गोलना
कोट-
देघाट से करीब पांच किमी मार्ग के डामरीकरण का टेंडर लग चुका है। फिलहाल अस्थायी तौर पर जेसीबी मशीन लगाकर सड़क को समतल किया जा रहा है ताकि बस सेवा शुरू हो सके। यह कार्य इसी सप्ताह पूरा कर लिया जाएगा। -महेंद्र कंबोज, जेई लोनिवि रानीखेत
-
हम भी चाहते हैं कि हमारी बसें जौरासी तक चले लेकिन सड़क की बदहाली के कारण बसों को काफी नुकसान हो रहा है। सड़क ठीक हो जाए तो बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। लोनिवि से भी इस संबंध में बात की जा रही है। -देवेंद्र कांडपाल, प्रभारी कुमाऊं केमू लिमिटेड रामनगर जोन