अल्मोड़ा। रोडवेज और केमू ने सेवाओं में इजाफा कर एक-एक नई बस सेवाओं का संचालन शुरू कर दिया है। रोडवेज ने शनिवार को एक और नई अल्मोड़ा-जसपुर सेवा शुरू की। पहले दिन बस को अल्मोड़ा स्टेशन से पांच यात्री मिले। बस प्रतिदिन सुबह छह बजे स्टेशन से चलेगी। यात्री नहीं मिलने से रोडवेज की अल्मोड़ा- बेतालघाट-काशीपुर, अल्मोड़ा-रानीखेत-रामनगर सेवाएं ठप रही। इसके अलावा रोडवेज की सुबह आठ बजे की अल्मोड़ा-हल्द्वानी बस में आठ, दोपहर ढाई बजे अल्मोड़ा-हल्द्वानी में छह, अल्मोड़ा-अटपेसिया में छह, अल्मोड़ा-टनकपुर में पांच, अल्मोड़ा-मासी में आठ यात्रियों ने सफर किया। इधर केमू ने भी सेवा में इजाफा करते हुए एक और नई अल्मोड़ा-बासोट सेवा शुरू कर दी है। केमू की इससे पहले अल्मोड़ा-हल्द्वानी, अल्मोड़ा-रानीखेत वाया शीतलाखेत सेवाएं ही संचालित हो रही थीं।