रेंज कार्यालय द्वाराहाट से बमनगांव की ओर रवाना होती वन विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
बमनगांव में तेंदुए के आतंक ने ग्रामीणों को हिलाकर रख दिया है। गांव के लोगों का कहना है कि आदमखोर तेंदुए का अंत हो जाए बस उनके लिए नए वर्ष का यही सबसे बड़ा तोहफा होगा।
इधर गांव में तैनात शिकारी हरीश आर्या, नंदन सिंह और राजेंद्र सिंह गांव के रास्तों और जंगल में तेंदुए की टोह लेने में जुट हैं। वन विभाग की टीम भी सर्च लाइट और लाठी-डंडों के साथ गश्त जारी रखे हुए है। गांव में रविवार को लगाए गए चार ट्रैप कैमरे सोमवार को भी लगे रहे। वन क्षेत्राधिकारी हरीश सिंह खर्कवाल ने बताया की कैमरों के मैमोरी कार्ड देखने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है।
डांग में युवक पर झपटा तेंदुआ, विभाग की टीम पहुंची
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। जौरासी वन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डांग में तेंदुआ दिन दहाड़े करीब साढे़ पांच बजे गांव के पंद्रह साल के युवक संदीप पर झपट पड़ा उस समय युवक अपनी मां शांति देवी के साथ बाजार से घर को लौट रहा था। मां ने ऐन वक्त पर बेटे को पीछे खींच लिया। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ दो लावारिस गायों के साथ की भीमराम की पालतू गाय को भी मार चुका है। इधर ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे उप वन क्षेत्राधिकारी विक्रम कैड़ा सहित वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा। प्रधान भगवती देवी, पूर्व बीडीसी सदस्य भीमराम और हिम्मत सिंह आदि ने पिंजरा लगाने की मांग की है।