भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भिकियासैंण में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन की बस विनायक-भिकियासैंण मोटर मार्ग पर सिरकौन के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी। नौबाड़ा से रामनगर जा रही बस में सवार सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मंगलवार को सुबह करीब 8.15 बजे केएमओयू की बस संख्या यूके 07 पीए 4025 अनियंत्रित होकर सिरकौन बैंड के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भयानक था कि बस रक्षेश्वर मंदिर को जाने वाली कच्ची सड़क पर पहुंच गई। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बस में सवार एक यात्री जितेंद्र रिखाड़ी ने फोन के माध्यम से अपने परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और अपने स्तर से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रामनगर रेफर कर दिया गया।
हादसे की जानकारी के बाद रानीखेत विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल और सल्ट विधायक महेश जीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण पहुंचे। उन्होंने हादसे में घायल लोगों का हालचाल जाना। डीएम अंशुल सिंह, एसएसपी देवेंद्र पींचा और एसपी हरबंश सिंह भी मौके पर पहुंचे। डीएम का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
भिकियासैंण में हुआ मृतकों का पोस्टमार्टम
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सड़क हादसे में मृत सात लोगों का रानीखेत उप जिला अस्पताल की टीम ने सीएचसी भिकियासैंण पहुंचकर मृतकों का पोस्टमार्टम किया। जिला प्रशासन ने पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। संवाद
दो गंभीर घायलों हेली से ऋषिकेश एम्स किया रेफर
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विनायक-भिकियासैंण मोटर मार्ग पर सिरकौन के पास हुए बस हादसे में गंभीर दो घायल नंदा बल्लभ और हंसी देवी को हेली से रेस्क्यू कर ऋषिकेश एम्स पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। संवाद
-
मृतकों की सूची-
- तारा देवी (45) पत्नी महेश चन्द्र, निवासी पाली
- गोविंद बल्लभ मठपाल (80) पुत्र कुलोमणी, निवासी धार-बाखली, जमोली
- पार्वती देवी (75) पत्नी गोविंद बल्लभ मठपाल, निवासी धार-बाखली, जमोली
- उमेश (18) पुत्र ऐतराउल, जिला दयलेख, नेपाल
- गणेश (20) पुत्र भीम बहादुर, जिला दयलेख, नेपाल
- नंदन सिंह (70) पुत्र भूपाल सिंह, निवासी जमोली
- गोविंदी देवी (58) पत्नी हरीश सिंह, निवासी घुघुती
घायलों की सूची-
- बुद्धी बल्लभ भगत (58 वर्ष) पुत्र कुलोमणी निवासी अमोली
- जितेंद्र रिखाड़ी (37 वर्ष) पुत्र नंदा बल्लभ रिखाड़ी निवासी रिखाड़, विनायक
- मोहित सती (16 वर्ष) पुत्र रमेश चंद्र सती निवासी नौघर सिंगोली
- प्रकाश चंद्र शर्मा (43 वर्ष) पुत्र रामदत्त निवासी बिजोली चचरोटी परिचालक
- हंसी सती (36 वर्ष) पत्नी रमेश चंद्र सती निवासी नौघर सिंगोली (एयर लिफ्ट)
- नंदा बल्लभ पंत (58 वर्ष) पुत्र सदानंद टिमटा नौबाड़ा (एयर लिफ्ट)
- नवीन चंद्र तिवाड़ी (55 वर्ष) पुत्र दुर्गा दत्त निवासी ओखलढूंगा नैनीताल चालक
- हरीश चंद्र (62 वर्ष) पुत्र बालादत्त निवासी पाली
- हिमांशु पालीवाल (17 वर्ष) पुत्र महेश चन्द्र निवासी पाली
- राकेश कुमार (55 वर्ष) पुत्र महावीर प्रसाद द्वाराहाट
- नंदी देवी (40 वर्ष) पत्नी देवेन्द्र सिंह निवासी नौबाड़ा
- भूपेंद्र सिंह अधिकारी (64 वर्ष) पुत्र धन सिंह निवासी जमोली