द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। नगर में कथित रूप से अराजकता और धार्मिक उन्माद फैलाने वाले एक समुदाय विशेष के युवक की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है। पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करते हुए भाजपा और हिंदूवादी संगठनों ने पुलिस प्रशासन का पुतला फूंक प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर दो दिन के भीतर आरोपी युवक की गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
वक्ताओं ने कहा कि समुदाय विशेष के युवक द्वारा सरेआम बाजार में धार्मिक उन्माद फैलाने की घटना हुई। इसके बाद सीओ रानीखेत की मौजूदगी में 10 दिन के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इधर, पुलिस की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करते हुए भाजपा और हिंदूवादी संगठनों ने थाने में प्रर्दशन किया और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया। बाद में थाना प्रभारी को ज्ञापन दिया।
जिसमें कहा गया है कि सीओ रानीखेत की मौजूदगी में 10 दिन में आरोपी की गिरफ्तारी और इस संबंध में आंदोलनकारियों को समय-समय पर जानकारी देने का समझौता किया गया था। लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
इस मौके पर अनिल शाही, भूपेंद्र कांडपाल, जीवन सिंह, मुकेश उपाध्याय, तारा सिंह बिष्ट, मनोज भट्ट, दीपक चौधरी, संजय हर्बोला, अंकित तिवारी, राकेश हर्बोला, गौरव हर्बोला, दिगंबर नेगी, डीपी चौधरी, जगदीश जोशी, मनोहर, खजान जोशी आदि शामिल रहे। थानाध्यक्ष अजय साह का कहना है कि ज्ञापन मिला है। आरोपी के खिलाफ वारंट जारी किया जा रहा है।