मौलेखाल में पुतला फूंकते युवा कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : ALMORA
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंचायत चुनाव की आरक्षण प्रक्रिया में लगातार फेरबदल करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को मौलेखाल बाजार में प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार पंचायत आरक्षण की प्रक्रिया का समय बढ़ाकर अपनी पार्टी के लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
युवा कांग्रेस के जिला महासचिव अमित रावत ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और सत्ता पक्ष के लोगों के द्वारा अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिहाज से आरक्षण तय किया जा रहा है। जिससे आरक्षण प्रक्रिया को बार-बार टाला जा रहा है।
यदि 27 अगस्त तक फैसला नहीं हुआ तो 28 अगस्त से धरना प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में गिरीश उपाध्याय, दिनेश पंवार, रमेश कांडपाल, किशन राम, नन्दन सिंह, कमल सिंह, देवकी देवी, गीता देवी, बबीता देवी आदि शामिल थे। ब्यूरो