नृत्य सम्राट पंडित उदय शंकर ने कभी अल्मोड़ा में संगीत और अभिनय के प्रशिक्षण के लिए एक कल्चरर सेंटर बनाने का सपना देखा था। 2002 में पंडित उदयशंकर की पत्नी अमला शंकर के आग्रह पर तत्कालीन केंद्रीय पर्यटन मंत्री जगमोहन ने तब के राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के हाथों इस संस्थान की बुनियाद रखवाई।
करीब डेढ़ माह पहले कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के हाथों इसका लोकार्पण भी हो चुका है, लेकिन अब प्रदेश सरकार ने करोड़ों की लागत से बने इस भवन को अल्मोड़ा में खुलने जा रहे नए विश्वविद्यालय को सौंपने का फैसला कर लिया है। जिससे यह लगता है कि पंडित उदयशंकर का अल्मोड़ा में कल्चरर सेंटर स्थापित करने का सपना अधूरा रह जाएगा।
अल्मोड़ा विश्वविख्यात नृत्य सम्राट स्व. उदय शंकर की कर्म भूमि रही है। उन्होंने अल्मोड़ा में 1938 में द उदय शंकर कल्चर सेंटर की स्थापना की और 1938 से 1943 तक इस सेंटर को यहां चलाया। बाद में भी उनका अल्मोड़ा आना-जाना लगा रहा लेकिन अल्मोड़ा में स्थायी कल्चरर सेंटर बनाने का उनका सपना अधूरा रह गया।
उदय शंकर के इस सपने को पूरा करने के लिए बाद में उनकी पत्नी अमला शंकर ने प्रयास किए। उन्हीं के आग्रह पर 2002 में तत्कालीन केंद्रीय पर्यटन मंत्री जगमोहन ने अल्मोड़ा में राष्ट्रीय संगीत नाट्य अकादमी के निर्माण को मंजूरी दी। अकादमी के भवन की आधारशिला अक्तूबर 2002 में तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने रखी।
राष्ट्रपति द्वारा शिलान्यास करने के बावजूद इस भवन के निर्माण में शुरू से ही दिक्कतें हुईं। काफी मुश्किलों के बाद अब करीब 10 करोड़ की लागत से भवन का काम तो पूरा हो चुका है। प्रदेश सरकार ने बीते 11 नवंबर को गुरुड़ाबांज में आयोजित राज्योत्सव में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के हाथों इसका लोकार्पण भी करवा दिया गया, लेकिन आज तक यहां नाट्य अकादमी खोलने की दिशा में कुछ काम शुरू नहीं हुआ है।
पूर्व में यह तय हुआ था कि प्रदेश संस्कृति विभाग के माध्यम से यहां संगीत और नाट्य अकादमी की गतिविधियां शुरू की जाएंगी, लेकिन अब पता चला है कि प्रदेश सरकार ने संगीत और नाट्य अकादमी खोलने के बजाय इस भवन को अल्मोड़ा में प्रस्तावित नए विश्वविद्यालय को सौंपने का फैसला कर लिया है। संगीत नाट्य अकादमी खोले जाने के बारे संस्कृति विभाग के अधिकारी कुछ कहने को तैयार नहीं हैं।
संस्कृति विभाग की निदेशक बीना भट्ट ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश पर अकादमी के नवनिर्मित भवन में अल्मोड़ा में खुलने जा रहे नए विश्वविद्यालय के अंतर्गत एनिमेशन कोर्स शुरू किए जाने की बात तय हुई है।