पुलिस गिरफ्त में भैंसों को ठूंस ठूंसकर ले जाने वाला आरोपी। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। ट्रक में भैंसों को ठूंसकर रामनगर की तरफ ले जा रहे तस्कर को पुलिस ने यहां पंतकोटली मार्ग पर धर दबोचा। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को पुलिस ने सीज कर दिया है और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत तस्कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। भैंसों को कहां रखा जाए इस संबंध में अभी फैसला नहीं लिया गया है।
कोतवाली पुलिस की गश्ती टीम मंगलवार की देर रात यहां नगर में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच रानीखेत-पंतकोटली मार्ग पर वाहन चेक करते समय पुलिस को ट्रक संख्या यूके 18 सीए-4497 पर शक हुआ। तलाशी के दौरान ट्रक में पुलिस का आठ भैंसें मिलीं। पुलिस ने बताया कि भैंसों को ट्रक में ठूंस ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने खत्याड़ी रामनगर निवासी चालक अमन पुत्र नजाकत अली को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह भैंसों को रामनगर ले जा रहा था। पुलिस ने पूछताछ के बाद तस्करी में लिप्त ट्रक को सीज कर दिया है। आरोपी चालक को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। एसएसआई बसंती आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम में एसआई मैरी पीटर, एसआई सुनील गोस्वामी,कांस्टेबल कमल गोस्वामी सहित तमाम पुलिस कर्मी शामिल रहे।