अल्मोड़ा प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस को ज्ञापन देते वार्ड मेम्बर।संवाद
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जाखनदेवी से अल्मोड़ा, जागेश्वर आदि जगहों को जाने वाला मार्ग बदहाल हो चुका है। पिछले पांच महीनों से राहगीर गड्ढों भरी सड़क पर चलने को मजबूर हैं। जल संस्थान ने इसके निर्माण के लिए तीन लाख रुपये की धनराशि लोनिवि को जारी भी कर दी है लेकिन बारिश की वजह से निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों ने लोनिवि के अधिकारियों से मुलाकात कर जल्द काम शुरू कराने की मांग की है।
पेयजल लाइन बिछाने के लिए अप्रैल 2022 में जल संस्थान ने जाखन देवी मुख्यमार्ग समेत अन्य मार्गों पर भी खोदाई का काम किया था। पाइपलाइन डालने के बाद रास्तों को ठीक करने की जगह खस्ताहाल ही छोड़ दिया गया। पांच महीनों में लोनिवि ने भी आंखें फेर लीं। इसकी वजह से राहगीर अभी तक परेशानियों से जूझ रहे हैं।
लोनिवि के ईई इंद्रजीत बोस ने बताया कि जल संस्थान से रिपेयरिंग के लिए करीब साढ़े चार लाख से पांच लाख रुपये तक धनराशि की मांग की गई थी। वहीं, जल संस्थान के ईई अरुण कुमार सोनी ने बताया कि तकरीबन डेढ़ माह पहले 2.57 लाख रुपये जाखन देवी मार्ग के लिए जारी कर दिए गए थे। बजट मिलने के बाद भी लोनिवि ने काम नहीं कराया। बता दें कि जाखन देवी मार्ग अल्मोड़ा, जागेश्वर, कोसी समेत अन्य जगहों के लिए जाने का मुख्य मार्ग है, इसकी वजह से स्थानीय लोगों में भी काफी रोष है। सोमवार को लक्ष्मेश्वर वार्ड के सभासद अमित शाह और उनके साथी सभासद सौरभ वर्मा, महेश बिष्ट समेत अन्य लोग लोनिवि अधिकारी से मिले और जल्द सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की है।
बारिश के बाद शुरू होगा काम
लोनिवि के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर निकाल दिए गए हैं। पंद्रह सितंबर के बाद इसका काम शुरू करा दिया जाएगा। वर्तमान में काम को बारिश की वजह से रोक दिया गया है।