बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रोद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी) में वार्षिकोत्सव सिंटेला 2019 के तहत दो दिनी वार्षिक खेल प्रतियोगिताएं भी शुरू हो गई हैं। दोनों कार्यक्रमों का समापन शनिवार को पुरस्कार वितरण के साथ होगा। वार्षिक खेलों का उद्घाटन करते हुए संस्था के निदेशक प्रो. बीएन मिश्रा ने प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ खेलों के माध्यम से कॅरिअर संवारने का आह्वान किया।
संस्था के खेल मैदान में छात्रों की फुटबाल और छात्राओं की बालीबाल प्रतियोगिताओं की टीमों से मुख्य अतिथि ने परिचय प्राप्त किया। खेल प्रतियोगिताओं को लेकर छात्र छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया। वॉलीबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला नंदा देवी हास्टल और विद्यांचल हास्टल की छात्राओं के बीच खेला गया, जिसमें विद्यांचल हास्टल की टीम विजेता रही। फुटबाल मैच मेकेनिकल ब्रांच और केमिकल ब्रांच के बीच खेला गया, जिसमें केमिकल ब्रांच की टीम ने जीत हासिल की। दूसरी तरफ वार्षिकोत्सव के तहत तमाम गतिविधियां जारी हैं। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र छात्राओं ने समा बांध दिया। खेल प्रतियोगिताओं और वार्षिकोत्सव का समापन कल 27 अप्रैल को पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ होगा। इस अवसर पर डॉ. एके शर्मा, डॉ. लता बिष्ट, क्रीड़ा प्रभारी डॉ. अरविंद भट्ट, क्रीड़ा अधिकारी धीरेंद्र बिष्ट, डॉ. अंशुमन मिश्रा, दीप्ती चंद्रा, चारू तिवारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।