बीएसएनएल के अल्मोड़ा एसएसए के अंतर्गत अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में 28 नए थ्री-जी बीटीएस (टावर) लगाए जा रहे हैं। इन टावरों को लगाए जाने का कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है और अप्रैल तक यह काम पूरा हो जाएगा।
इसके अलावा कई पुराने टू-जी टावरों को थ्री-जी में बदला जा रहा है। यह काम पूरा हो जाने के बाद बीएसएनएल की मोबाइल फोन सेवा में काफी सुधार आने की उम्मीद है। जिससे उपभोक्ताओं को अच्छी सेवा मिलेगी।
बीएसएनएल की मोबाइल सेवा कई स्थानों पर अच्छा काम नहीं कर रही है। लोगों की शिकायत रहती है कि कई बार आवाज साफ नहीं आती है जबकि कई बार लाइनें व्यस्त मिलती हैं। व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बीएसएनएल ने सुधार कार्य शुरू किए हैं।
बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक डॉ. देवेंद्र कुमार लोहनी ने बताया कि एसएसए क्षेत्र के अंतर्गत चार जिलों में 28 नए थ्री-जी टावर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पांच टावरों को टू-जी से थ्री-जी में बदला जा रहा है। इसके अलावा 31 पुराने टावरों में नई तकनीक के उपकरण लगाए जा रहे हैं।
लोहनी ने बताया कि इन सुधार कार्यों के बाद चारों जिलों में बीएसएनएल की मोबाइल सेवा में काफी सुधार आएगा और उपभोक्ताओं को अच्छी सेवा मिल सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि बीएसएनएल ने हाल ही में असीम नाम से सेवा शुरू की है।
इसके अंतर्गत कोई भी उपभोक्ता अपने बीएसएनएल के बेसिक फोन के बंद पड़े पुराने नंबर को चालू कर सकता है और उसे साल भर के लिए सिर्फ 117 रुपये (टैक्स सहित) देने होंगे। इस सेवा के अंतर्गत उपभोक्ता बेसिक फोन नंबर की कॉल अपने बीएसएनएल के मोबाइल नंबर पर रिसीव करेंगे। इस सेवा में बेसिक फोन पर आने वाली कॉल प्राप्त करने की सुविधा ही होगी।