अल्मोड़ा में भाई को तिलक लगाती बहिन।
- फोटो : अमर उजाला
दीपावली पर्व के अंतिम दिन शनिवार को भैयादूज धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाइयों को टीका कर सिर पर च्यूड़े रखकर उनकी सुख समृद्धि और दीर्घायु होने की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उनको उपहार प्रदान किए। भैयादूज के अवसर पर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बहनों ने भाइयों का तिलक, रोली, चंदन से टीका किया। टीका करने के बाद च्यूड़े (भीगे हुए धान जिन्हें ओखली में कूटने के बाद निकाला जाता है) भाइयों के सिर पर रखकर उनके दीघार्यु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए मिठाई, कपड़े और अन्य उपहार भेंट में दिए। इस मौके पर घरों में पकवान और मिठाइयां भी बनाई गईं। त्योहार को मनाने विवाहित बहनें भी मायके पहुंचीं। इस अवसर पर परिवार के बुजुर्ग सदस्यों ने घर की बहू, बेटी को आशीर्वाद दिया।