धौलछीना (अल्मोड़ा)। तेज बारिश और अंधड़ से बिजली लाइन टूटने से भैंसियाछाना विकासखंड के 50 से अधिक गांवों में 20 घंटे तक बिजली गुल रही। इससे 15 हजार से अधिक की आबादी को दिक्कत झेलनी पड़ी। उन्हें मोमबत्ती के सहारे घरों को रोशन करना पड़ा।
भैंसियाछाना विकासखंड के फड़कानौली पेटशाल में बीते बृहस्पतिवार को दोपहर दो बजे के करीब आंधी-तूफान से बिजली लाइन पर पेड़ गिर गए और लाइन टूट गई। ऐसे में बाड़ेछीना, पेटशाल, पल्यू, कलोन, धौलछीना, कसाणबैंड, जमराड़ी बैंड, कनारीछीना, लिंगुड़ता, मंगलता, सेराघाट आसपास के गांवों में बिजली गुल रहने से यहां की 15 हजार से अधिक आबादी को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। दूसरे दिन शुक्रवार को यूपीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और बिजली लाइन ठीक की। सुबह 10 बजे के करीब बिजली आपूर्ति बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
हल्की बारिश में भी बिजली गुल होने से लोगों में आक्रोश
धौलछीना। आए दिन बिजली आपूर्ति ठप रहने से यूपीसीएल के खिलाफ क्षेत्र के लोगों में खासा आक्रोश है। लोगों ने बताया कि हल्की बारिश और हवा के झोंकों से भी बिजली लाइन में खराबी आ रही है। ऐसे में उन्हें खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। इससे फोन चार्ज नहीं हो पा रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। यूपीसीएल को इस समस्या का स्थाई समाधान खोजना चाहिए।
-
कोट- क्षेत्र में पेड़ गिरने से लाइन टूट गई थी जिससे बिजली आपूर्ति ठप रही। आकाशीय बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए जल्द खराबी को दूर करना संभव नहीं था। शुक्रवार सुबह लाइन ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। -ललित मोहन डालाकोटी, जेई, यूपीसीएल, अल्मोड़ा।
-