चौखुटिया (अल्मोड़ा)। जिले के विकास खंड चौखुटिया के खीड़ा मोटर मार्ग पर रामगंगा नदी के ऊपर जल्द ही पुल अस्तित्व में आ जाएगा। कार्यदायी संस्था ने पुल के आधे अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए कार्य शुरु कर दिया है। पुल निर्माण के बाद क्षेत्र के तीन हजार से अधिक लोगों को आवाजाही की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
विकासखंड के चुलेरासीम और मालूधार समेत आसपास के गांवों की करीब तीन हजार आबादी को सड़क की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यहां चार किमी लंबी सड़क का निर्माण किया गया। सड़क का डामरीकरण समेत अन्य कार्य भी काफी समय पूर्व पूरे हो चुके थे। लेकिन इस मार्ग पर खीड़ा के पास रामगंगा नदी के ऊपर 36 मीटर लंबे पुल का निर्माण न होने के कारण ग्रामीणों को इस मार्ग का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क मार्ग पर पुल का निर्माण कार्य नवंबर 2022 में पूरा हो जाना चाहिए था। लेकिन तय समय के बाद भी पुल निर्माण कार्य नहीं हो पाया। भारी जनदबाव को देखते हुए अब प्रशासन और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने फिर से आधे अधूरे पुल का निर्माण कार्य शुरु कर दिया है। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने कहा है कि शीघ्र ही इस पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
कोट
खीड़ा के पास पुल निर्माणाधीन है। बीच में मजदूरों की समस्या हाेने के कारण कुछ समय तक काम बंद रहा। लेकिन अब पुल का निर्माण कार्य शुरु कर दिया गया है। शीघ्र ही ग्रामीणों की आवाजाही के लिए यह मार्ग सुचारु करा दिया जाएगा। - अमित बहुगुणा, सहायक अभियंता, वाप्कोस लिमिटेड