क्षेत्र में चोरी की बढ़ती वारदातें पुलिस और राजस्व पुलिस के लिए सिरदर्द बन गई हैं। चोरों ने शुक्रवार की रात मासी गांव में सात घरों के ताले तोड़कर अल्मारियों और संदूकों में रखा सामान बिखेर दिया है। घरों के मालिक बाहर रहते हैं उनके पहुंचने के बाद ही चोरी गए सामान के बारे में जानकारी मिल पाएगी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के साथ ही संबंधित घरों के मालिकों को चोरी की सूचना दे दी है।
पुलिस से मिली मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने शुक्रवार की रात मासी बाजार से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित मासी गांव में दामोधर मासीवाल, सुरेश शर्मा, गुसाईं दत्त, हीरादेवी, शांति देवी, भुवन राम और बासु पाठक सहित कुल सात घरों के ताले तोड़ने के साथ ही अंदर अल्मारियों में रखा सामान, कपड़े, कागजात आदि भी बिखेर दिए हैं। घरों के मालिकों के पहुंचने के बाद ही चोरी गए सामान की वास्तविक स्थिति का पता लग पाएगा।
इधर थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा ने बताया कि मासी चौकी पुलिस ने मौका मुआयना कर लिया है। चोरों का पता लगाने की हर संभव कोशिश की जा रही है। इधर एसओजी की टीम ने भी मासी पहुंचकर मौका मुआयना किया।
ग्राम प्रधान विजय गोरखा और बीडीसी सदस्य गोपाल मासीवाल आदि ने चोरों का शीघ्र पता लगाने की मांग की है।