चौखुटिया(अल्मोड़ा)। जौरासी से लगे स्याल्दे तहसील के सोगड़ा में पहाड़ से गिरे बोल्डर और मलबे में दबकर चौखुटिया के कोरणी निवासी एक बच्चे की मौत हो गई है। बच्चा घटना के समय अपनी मां के साथ पानी भर रहा था। बच्चे का शव सुबह सीएचसी चौखुटिया लाया गया जहां रानीखेत से पहुंचे चिकित्सक न उसका पोस्टमार्टम किया। इस दौरान एसडीएम अभय प्रताप सिंह सहित राजस्व कर्मी और मृतक के परिजन भी मौजूद रहे।
चौखुटिया तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत छिताड़ के कोरणी निवासी योगेश सिंह (8) पुत्र भूपेंद्र सिंह अपनी मां गीता देवी के साथ ननिहाल स्याल्दे तहसील के सोगड़ा गया था। शुक्रवार की शाम करीब साढे़ पांच बजे वह अपनी मां के साथ पानी भर रहा था इसी दौरान वह एकाएक ऊपर से गिरे बोल्डरों और मलबे की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने बताया कि जौरासी से घनस्याल के लिए सड़क का कटान हो रहा है बच्चे के ऊपर गिरे बोल्डर इसी कटान के चलते गिरे हैं। उन्होंने इस मामले में सड़क निर्माण करने वाली एजेंसी पर लावरवाही का आरोप भी लगाया है।
इधर घटना के बाद ग्रामीणों ने मलबे में दबे शव को बाहर निकाला देर रात पहुंचे राजस्व कर्मियों ने मौके पर ही शव का पंचनामा भरा। सुबह शव को सीएचसी चौखुटिया लाने के बाद रानीखेत से पहुंचे चिकित्सक डॉ. एसके दीक्षित ने पोस्टमार्टम किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चे के सिर और गर्दन में काफी चोट थी।
इधर पोस्टमार्टम के दौरान मौके पर मौजूद रहे भिकियासैंण के एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में सड़क निर्माण कर रहे पीएमजीएसवाई की लापरवाही भी उजागर हुई है। संबंधित विभाग के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।