उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट की परीक्षा 17 मार्च और हाईस्कूल की परीक्षा 18 मार्च से शुरू होगी। परीक्षाएं 10 अप्रैल तक चलेंगी। शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार जिले में 145 परीक्षा केंद्रों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 24,753 संस्थागत और व्यक्गित छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। नकल रोकने के लिए जिले में 14 उड़नदस्ते बनाए गए हैं।
जिले में बोर्ड परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हाईस्कूल और इंटर बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 145 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 11 केंद्र में सिर्फ छात्राएं और 134 परीक्षा केंद्रों में छात्र-छात्राएं दोनों परीक्षा देंगे। इस बार हाईस्कूल की परीक्षा में 12,828 और इंटर में 11,925 संस्थागत और व्यक्गित छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। विवेकानंद इंटर कालेज अल्मोड़ा सर्वाधिक 457 परीक्षार्थी और राजकीय इंटर कालेज कनमूंगाकिचार सबसे कम 76 परीक्षार्थी वाला परीक्षा केंद्र है। राजकीय इंटर कालेज जसकोट, देवीथल, मंडलकोट को पहली बार बोर्ड परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर 14 उड़नदस्तों का गठन किया गया है। जिला स्तर पर तीन और ब्लॉकों में 11 उड़नदस्ते बनाए गए हैं। उड़नदस्ता दल जिले में स्थापित परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।