धौलादेवी ब्लॉक के कई गांवों में सुअरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। जंगली सुअरों ने सरयू घाटी के कई गांवों में सैकड़ों नाली भूमि में बोई गई धान, मड़वा, मादिरा, गडेरी आदि फसलों को बर्बाद कर दिया है। आरा सल्पड़ में 100 नाली भूमि में धान की फसल उखाड़ दी है। प्रभावित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर फसल का मुआवजा देने और आतंक से निजात को प्रभावी योजना बनाने की मांग की है।
जंगली सुअरों ने आरा सल्पड़, चिमखोली, मयोली, चितौला, काभड़ी, टकोली, सुकना, कफलनी, सिरौला समेत दर्जनों गांवों में बोई गई फसलें खोद डाली हैं। हाड़तोड़ मेहनत करने के बावजूद ग्रामीणों को बीज लायक उत्पादन भी नहीं मिल पा रहा है। मयोली की प्रधान परुली देवी, चितौला के गणेश राम और आरा सल्पड़ के प्रधान दयाकिशन पांडे ने डीएम को ज्ञापन देकर सूअरों के आतंक से निजात दिलाने और बर्बाद फसल का मुआवजा दिलाने की मांग की है।