चौखुटिया ब्लाक मुख्यालय मे अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते ग्राम प्रधान।
- फोटो : amar ujala
वित्त में कटौती किए जाने से भड़के ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। प्रधानों का कहना था कि इससे विकास कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो गए हैं। प्रधानों ने इसके अलावा ब्लॉक में एक हजार राशन कार्ड और उपलब्ध कराए जाने, पंचायत अधिकारियों के रिक्त पदों में नियुक्ति करने और मनरेगा का भुगतान शीघ्र करने की भी मांग की है। प्रधानों ने कहा कि शीघ्र भुगतान न होने पर मनरेगा के कार्य नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक में मात्र छह ग्राम पंचायत अधिकारी हैं लिहाजा रिक्त पदों पर पंचायत अधिकारियों की नियुक्ति की जाए। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान तारा नेगी, शारदा देवी, हीरा सिंह थापा, दयाल मेहरा, शंकर सिंह बिष्ट, दान सिंह, जीवन नेगी, सुभाष बिष्ट, मनोहर संगेला, नवीन कुमयां, विजय गोरखा, गणेश सिंह, पार्वती आदि थे।
चौखुटिया में मनरेगा के तहत एक व्यक्ति ने शौचालय बनाया था परंतु उसकी धनराशि ग्राम पंचायत भटकोट में किसी अन्य व्यक्ति के खाते में चली गई। प्रधानों ने इस तरह की अनियमितता को लेकर भी रोष जताया और संबंधित धनराशि को पात्र व्यक्ति के खाते में जमा करने की मांग की है।