अल्मोड़ा। चारधाम यात्रा के चलते पर्यटन निदेशालय और पर्यटन विकास परिषद के ढांचे का पुनर्गठन करने समेत 15 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलित उत्तराखंड प्रदेश संगठन अराजपत्रित पर्यटन कर्मचारी संघ का आज से प्रस्तावित तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार स्थगित हो गया है। हालांकि कर्मचारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और काम किया।
कर्मचारी संगठन पर्यटन परिषद में बैकडोर से पुनर्नियुक्त नहीं करने, सेवा विस्तार पर रोक लगाने, मिनिस्ट्रीयल और लेखा संवर्ग के पुनर्गठन, पर्यटन परिषद में नियमानुसार कार्मिकों की नियुक्ति, परिषद में विभिन्न संवर्गों में नियमावली लागू करने और सेवा नियमावली में संशोधन, पर्यटक अधिकारियों की क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी के पद पर पदोन्नति, वेतन विसंगति और एसीपी के लंबित प्रकरणों को निस्तारित करने की मांग को लेकर आंदोलित है।
पर्यटन विभाग के कर्मचारियों का आज से तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार प्रस्तावित था। जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय के संगठन सचिव केआर आर्या ने बताया कि चारधाम यात्रा के चलते प्रांतीय नेतृत्व ने सोमवार से प्रस्तावित तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार स्थगित कर दिया है। हालांकि कर्मचारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और कार्यालयों में काम किया। उन्होंने कहा कि प्रांतीय आह्वान पर प्रस्तावित आंदोलन में जिला इकाई पूर्ण समर्थन करेगी।