समर्थकों के साथ नामांकन कराते जाते भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने अपनी परंपरागत सीट रानीखेत विधानसभा से चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने अपने एक प्रस्तावक के साथ आरओ एसडीएम रजा अब्बास के समक्ष पर्चा दाखिल किया।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान श्री भट्ट के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधानसभा संयोजक मदन सिंह माहरा, विजय पांडे, ललित पपने, राजेंद्र जसवाल आदि भी मौजूद थे। शपथ पत्र में श्री भट्ट ने अपनी चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा दिया है। श्री भट्ट के अनुसार उनके पास कुल 7205122 रुपए की संपत्ति है, जिसमें से 21.67 लाख उनके और पत्नी के पास 50.38 लाख पत्नी के पास हैं। उनके पास तीन नाली आठ मुट्ठी पैतृक भूमि, हरिद्वार और देहरादून में 23 लाख रुपए की कीमत के दो प्लाट, 76500 रुपए की नकदी, 12 लाख 68 हजार 361 रुपए बैंक खातों में हैं।
इसके अलावा 181114 के निवेश, 130 ग्राम सोना और 3.75 लाख के जेवरात हैं जबकि उनकी पत्नी पुष्पा भट्ट के नाम डोबा गांव में दो नाली भूमि, रानीखेत, देहरादून में 18 लाख कीमत के दो प्लाट, 62500 रुपए नकद, 188977 बैंक खाते में, 23883 के निवेश, 55 तोला सोना, एक स्विफ्ट डिजायर कार है। इसके अलावा 716091 रुपए की संपत्ति आश्रितों के नाम दर्शाई गई है। इससे पूर्व श्री भट्ट भारी संख्या में समर्थकों के साथ नामांकन स्थल पहुंचे। विजय चौक से पूरे नगर में रैली निकाली गई।