अल्मोड़ा/मौलेखाल। विधानसभा सत्र के पहले दिन गैरसैंण के दिवालीखाल में प्रदर्शनकारियों पर किए लाठीचार्ज से विभिन्न संगठन भड़क उठे हैं। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए प्रदेश भाजपा सरकार के पुतले फूंककर विरोध जताया। उन्होंने दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करने और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे बिना शर्त वापस लेने की मांग उठाई है।
अल्मोड़ा में उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में भाजपा सरकार का पुतला जलाया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार प्रजातांत्रिक तरीके से किए जा रहे आंदोलन पर बर्बर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। दिवालीखाल में लाठीचार्ज की निंदा करते हुए घायल लोगों को पर्याप्त उपचार दिलाने और आर्थिक सहायता देने की मांग की। साथ ही इस घटना के लिए दोषी अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की। वहां जिलाध्यक्ष शिवराज बनौला, ब्रह्मानंद डालाकोटी, मुमताज कश्मीरी, गिरीश गोस्वामी, हरीश जोशी, कमलेश जोशी, अर्जुन नैनवाल, खड़क सिंह पिलख्वाल आदि थे।
जनवादी संगठनों के लोगों ने भी चौघानपाटा में अलग से त्रिवेंद्र रावत सरकार का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार दमनकारी नीति अपना रही है। यहां जनवादी नौजवान सभा के यूसुफ तिवारी, सीटू के आरपी जोशी, किसान सभा के दिनेश पांडे, अरुण जोशी, स्वप्निल पांडे, मुमताज अख्तर, एड्वा की सुनीता पांडे मौजूद रही।
मौलेखाल में पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत के नेतृत्व में अमित रावत, मोहन शर्मा, गोविंद सिंह, घनानंद शर्मा, देवेंद्र कुमार आदि ने सीएम त्रिवेंद्र रावत का पुतला फूंका। उत्तराखंड लोक वाहिनी के महासचिव पूरन चंद्र तिवारी ने लाठीचार्ज की निंदा करते हुए आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग उठाई है।
घायलों को दिया जाए मुआवजा
भिकियासैंण। सल्ट विधानसभा क्षेत्र के आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर नंदप्रयाग-घाट मार्ग के चौड़ीकरण की मांग करने वाले प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज की निंदा की है। उन्होंने लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई कर घायलों को मुआवजा देने को कहा। वहां सुनील टम्टा, विक्रम रावत, गौतम टम्टा, मान सिंह, विक्की सिंह, बीरू टम्टा, डॉ. राजेंद्र नेगी आदि थे। (संवाद)