झड़गांव में दुर्घटनाग्रस्त बाइक।
- फोटो : ALMORA
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। रामनगर से सल्ट की ओर आ रही एक बाइक सल्ट के झड़गांव के पास तारकोल के टैंकर से भिड़ गई। जिसमें बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। जिनमें से एक घायल को हल्द्वानी उपचार के लिए ले जाया गया। मौके से तारकोल टैंकर लेकर चालक फरार हो गया। बाद में मरचूला पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
रविवार सुबह रामनगर से सल्ट की ओर आ रही एक बाइक संख्या यूके-19-2237 की झड़गांव के पास तारकोल के टैंकर संख्या यूपी-86-जे-9852 से भिड़ंत हो गई। जिसमें बाइक सवार सवार गोविंद कुमार (32) पुत्र नंदकिशोर निवासी मालधन, रामनगर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हरीश चंद्र (45) पुत्र कल्याण सिंह नागतले, सल्ट को हल्की चोट पहुंची।
गंभीर घायल गोविंद कुमार को 108 एंबुलेंस से रामनगर ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया है। टैंकर चालक पवन निवासी नौलख्खा अलीगढ़ वाहन लेकर मौके से भाग गया, लेकिन पुलिस ने तारकोल टैंकर और चालक को मरचूला के पास पकड़ लिया। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।