बागेश्वर। जिले में वाहन चलाने के लाइसेंस बनाने के लिए अब महिलाएं भी आगे आ रही हैं। परिवहन विभाग की ओर से ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए टेस्ट लिया जाता है। गरुड़ निवासी भावना पाठक ने ड्राइविंग लाइसेंस के टेस्ट में अब तक महिलाओं की तुलना में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए।
जिले में अब महिलाएं भी ड्राइविंग करने के लिए आगे आने लगी हैं। जिले में 3277 से अधिक महिलाएं अपना ड्राइविंग लाइसेंस बना चुकी हैं। बीते सोमवार को ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए पहुंची गरुड़ निवासी पाठक ने अब तक महिलाओं की ओर से दिए जा रहे ड्राइविंग लाइसेंस के टेस्ट में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया।
उन्होंने टेस्ट में 50 में से 40 अंक प्राप्त किए। एआरटीओ अमित कुमार ने भावना पाठक को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग के क्षेत्र में आ रही महिलाएं आत्मविश्वास की पहचान हैं। भावना ने कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।