राजपुरा की रामलीला में भरत मिलाप दृश्य का मंचन।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। नगर के कुछ स्थानों में भरत मिलाप के दृश्य और राम डोले के साथ रामलीला का समापन हो गया। इस मौके पर पुरस्कार वितरण भी किया गया। ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर रामलीला मंचन जारी है।
एनटीडी स्थित रामलीला मैदान में बृहस्पतिवार रात भरत मिलाप के बाद शंकर भवन से एनटीडी तक भव्य रामडोला निकाला गया। इससे पहले रामलीला मंच में पुरस्कारों का वितरण भी किया गया। मुख्य अतिथि मनोज तिवारी के अलावा रामलीला कमेटी अध्यक्ष राजू बिष्ट, सचिव मुकेश नेगी, उपाध्यक्ष भुवन तिवारी, सौरभ वर्मा, गिरीश धवन, पंकज कांडपाल, धीरेंद्र मर्तोलिया समेत काफी लोग मौजूद रहे।
राजपुरा में भी भरत मिलाप दृश्य के साथ रामलीला का समापन किया गया। इस दौरान लोक गाथा आधारित नाटक सतधर्मी कल्याण का मंचन किया गया। चितई ग्वल देवता की कहानी पर आधारित चंद्रशेखर द्वारा लिखित और रमेश लाल द्वारा निर्देशित नाटक में कल्याण सिंह की गाथा को पात्रों द्वारा जीवंत किया गया। अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का खूबसूरत मंचन पात्रों द्वारा किया गया।