फीफा अंडर-17 विश्वकप में भाग ले रही भारतीय टीम में शामिल जितेंद्र सिंह के बाद अल्मोड़ा की एक और खिलाड़ी का चयन अगले महीने होने वाली इंडियन वुमन लीग के लिए हुआ है। इसके साथ ही उत्तराखंड से दो और महिला खिलाड़ी हैं जो इस प्रतियोगिता के लिए चुनी गई हैं। कुविवि एसएसजे परिसर में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा भगवती 13 वर्ष की उम्र से अब तक फुटबाल के सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में बतौर फारवर्ड (स्ट्राइकर) खिलाड़ी के रूप में दस से ज्यादा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी हैं। पांच दिन पहले देहरादून और उसके बाद फरीदाबाद में हुए ट्रायल में उनका चयन इंडियन वुमन लीग के लिए कर लिया गया है।
इससे पहले भगवती का पंजाब के यूनाइटेड वारियर फुटबाल क्लब में चयन हुआ था। क्लब में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर ही उनका चयन इंडियन वुमन लीग के लिए हुआ है। मालूम हो कि आईपीएल की तर्ज पर इंडियन वुमन लीग पिछले साल 2016 में अस्तित्व में आया था। जिसमें देशभर में विभिन्न राज्यों से चुनी हुई महिला खिलाड़ी प्रतिभाग करती हैं। उत्तराखंड से इसके अलावा देहरादून की अनीता रावत और शिल्पा नेगी का भी इंडियन वुमन लीग के लिए चयन हुआ है। भगवती दो बहनों में सबसे बड़ी है। गरीब घर की भगवती की माता हेमा चौहान आंगनबाड़ी में कार्यरत हैं। स्टेडियम में फुटबाल कोच आनंद देव (एनआईएस) ने बताया कि वह पिछले चार पांच महीनों से उनके पास फुटबाल का गहन प्रशिक्षण ले रही हैं। इसी दौरान उनका इंडियन वुमन लीग के लिए चयन हो गया। कोच ने बताया कि भगवती फारवर्ड (स्ट्राइकर) खिलाड़ी के रूप में जानी जाती है।