18 सालों में पहली बार हुए जीजीआईसी के वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति से वहां मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘बेटी है तो सृष्टि है’ को समर्पित कार्यक्रम से गद्गद् विधायक महेश नेगी ने कॉलेज की हर समस्या के निदान का आश्वासन देते हुए विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से सात लाख रुपये देने की घोषणा की। शिव तांडव व बेटियों के महत्व को दर्शाते नाटक ने खूब तालियां बजवाई।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव में मुख्य अतिथि विधायक महेश नेगी ने कक्षा कक्ष निर्माण के लिए तीन लाख, मुख्य मैदान, मंच व नाली निर्माण के लिए दो लाख, पिछले हिस्से के मैदान के लिए दो लाख इस तरह कुल सात लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सौर ऊर्जा की लाइटें लगाने के साथ ही सौ सैट कुर्सी, टेबल भी दिए जाऐंगे। उन्होंने बालिका शिक्षा पर जोर देने की बात कही।
इससे पूर्व प्रधानाचार्या नंदी शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की समस्याएं रखी। अध्यक्षता बीईओ भारत जोशी, संचालन रंजना पोखरिया, खुशबु, आकांक्षा ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निर्देशन संगीतज्ञ मीनाक्षी उप्रेती ने किया। इस दौरान शिव तांडव नृत्य और बेटियों पर हो रहे जुल्म को दर्शाते नाटक ‘बेटी है तो सृष्टि है’ ने खूब तालियां बटोरी।
सामूहिक गीत ‘हमें स्वदेश की कसम विकास लाऐंगे, जो हैं अभी दबे हुए उन्हें उठाऐंगे’ सराहनीय रहा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रो में अव्वल रहे बच्चों को पुरस्कृत किया गया। वहां ब्लॉक प्रमुख बिशन राम, जिला पंचायत सदस्य गजेंद्र नेगी, शिव कुमार, बीडीओ बृजमोहन गुरुरानी, गोपाल मनराल, खीमानंद जोशी, अनुराधा कैड़ा, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्यगण तनुजा जोशी, एमए जैंदी, लक्ष्मीदत्त रेखाड़ी आदि मौजूद थे।