धौलछीना के तल्ली नाली गांव में इस तरह जल गई कार। संवाद
- फोटो : अमर उजाला
भैंसियाछाना विकासखंड मुख्यालय से 50 किमी दूर तल्ली नाली गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे बेड़ीनाग (पिथौरागढ़) के शिक्षक की स्विफ्ट कार को अराजक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। इस घटना में कार पूरी तरह जल गई। कार में लगी आग की चपेट में आने से उसके पीछे खड़ी एक बोलेरो में भी आग लग गई। सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बेड़ीनाग निवासी शिक्षक चंदन सिंह भैसोड़ा बीते मंगलवार को विवाह समारोह में शामिल होने अपनी कार यूके 06 एएल 4243 से नाली गांव पहुंचे। सड़क किनारे कार खड़ी कर वह विवाह समारोह में चले गए। बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे कुछ ग्रामीण घर से बाहर निकले तो कार और उसके पीछे खड़ी बोलेरो जल रही थीं। दोनों वाहनों से उठती आग की लपट देख ग्रामीणों ने शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को मौके पर बुलाया।
फायर सर्विस को भी बुलाया
सभी ग्रामीण आग बुझाने में जुटे। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। वहीं बोलेरो (यूके 04 टीए 3061) का अगला हिस्सा और टायर जल गए। इस दौरान गांव में अफरातफरी का माहौल रहा। घटना से ग्रामीण दहशत में हैं। दोनों वाहन स्वामियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि घटना रात की है। जांच के लिए फायर सर्विस को भी बुलाया गया है। शाॅर्टसर्किट था या कोई और कारण इसके बारे में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।