सीसी करने पहुंचे ठेकेदार के लोगों को बैरंग लौटाया
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। चांदीखेत में निर्माणाधीन सड़क में नया कलमट बनाने के बजाए पुराने कलमट के ऊपर ही सड़क में सीसी करने पहुंचे ठेकेदार के लोगों को क्षेत्रवासियों ने नारेबाजी करके बैरंग लौटा दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। लोगों की मांग है कि नए सिरे से कलमट बनाने के बाद ही सीसी किया जाए।
चांदीखते में सड़क के किनारे बने पुराने कलमट के ऊपर और सड़क में सीसी करने पहुंचे मजदूरों और उनके साथ आए ठेकेदार के लोगों को ग्रामीणों ने बैरंग लौटा दिया। लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा पुराने कलमट की मरम्मत और सफाई करने के बाद ही सीसी करने का आश्वासन दिया गया था। परंतु बुधवार को ठेकेदार के आदमी पुराने कलमट के ऊपर ही सीमेंट लेकर सीसी करने पहुंच गए। लोगों ने पहले कलमट की मरम्मत और सफाई करने की मांग की है।
विरोध और नारेबाजी करने वालों में डा. कुलदीप बिष्ट, खुशाल रावत, गंगा सिंह रावत, हीरालाल, चंदन सिंह, भगवत कुमयां, विजेंद्र राणा, मोहन गोस्वामी, किसन अग्रवाल, राजेंद्र पांडे, नंदराम आर्या, कैलाश जोशी, सुंदर मेहरा, सतीश अग्रवाल शामिल थे। इधर लोकनिर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता भरतपाल का कहना है कि 2010 में बना कलमठ ठीक स्थिति में है ऐसी स्थिति में दोबारा बनाने का कोई औचित्य नहीं है।