चौखुटिया (अल्मोड़ा)। विकासकार्यों में भेदभाव का आरोप लगाने वाले बीडीसी सदस्यों का सोमवार से आंदोलन शुरू हो गया है। अब उन्होंने चरणबद्ध आंदोलन का एलान किया है। आंदोलन के तहत धरना, तालाबंदी, क्रमिक अनशन और आमरण अनशन जैसे कार्यक्रम घोषित किए गए हैं।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार 18 मई से 20 मई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा। इसके बाद 21 मई से 24 मई तक सांकेतिक तालाबंदी के साथ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 25 मई से 27 मई तक सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक संपूर्ण तालाबंदी के साथ धरना जारी रहेगा। बीडीसी सदस्यों ने बताया कि 28 मई से 31 मई तक संपूर्ण तालाबंदी के साथ क्रमिक अनशन किया जाएगा।
इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होने पर एक जून से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। इसके बावजूद भी उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और सामाजिक न्याय से वंचित किए जाने के विरोध में सामूहिक इस्तीफा दिया जाएगा। बीडीसी सदस्यों का कहना है कि यह आंदोलन अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई के लिए किया जा रहा है। वहां हीरा सिंह बिष्ट, कविता नेगी, उमा शंकर, भगवत सिंह रावत, पिंकी देवी, रेखा देवी, आशा देवी, हेमलता, नरेंद्र सिंह, महेश लाल वर्मा आदि मौजूद रहे।