रानीखेत (अल्मोड़ा)। अशोक हॉल गर्ल्स रेजीडेशियल स्कूल मजखाली में आईपीएससी गर्ल्स अंडर 14 बास्केटबाल प्रतियोगिता का खिताब वेल्हम गर्ल्स स्कूल देहरादून की टीम के नाम रहा। फाइनल में देहरादून ने द डेली कॉलेज इंदौर की टीम को पटखनी दी। मुख्य अतिथि शिक्षा सलाहकार सीएल मैथ्यू ने पुरस्कार बांटे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अशोक हॉल ग्रुप की उपाध्यक्षा शरतप्रिया पटजोशी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्राओं को सीखने के अवसर मिलते हैं। फाइनल मुकाबले में द डेली कॉलेज इंदौर और वेल्हम गर्ल्स स्कूल देहरादून की टीमें आमने-सामने थीं। देहरादून के खिलाड़ियों ने 42-31 अंकों के अंतर से चैंपियनशिप जीत ली।
तीसरे और चौथे स्थान के लिए हुए मुकाबले में मोदी स्कूल लक्ष्मणगढ़ ने यादवेंदु पब्लिक स्कूल मोहाली को हराया। फाइनल में द डेली कॉलेज की घृतिका सिंह हायेस्ट स्कोरर, रिआ उप्पल मोस्ट प्रोमेसिंग प्लेयर, वेल्हम गर्ल्स स्कूल देहरादून यंगेस्ट प्लेयर ज्योति सिंह आदि को भी सम्मानित किया गया।
अच्छा प्रदर्शन करने के लिए 15 खिलाड़ियों का स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के लिए भी चयन हुआ। निर्णायक अंकुश रौतेला, प्रदीप सिंह, सावन मेहरोत्रा, नीरज जोशी, सुभाष पांडे, आनंद खंपा, नागेंद्र शर्मा रहे। प्रधानाचार्या अजंता कर ने सभी का आभार जताया।