नगर के बेस अस्पताल में लगी सीटी स्कैन मशीन एक माह से खराब पड़ी है। इससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस अस्पताल में अल्मोड़ा के अलावा बागेश्वर जिले से भी मरीज सीटी स्कैन कराने आते हैं, लेकिन मशीन खराब रहने के कारण उन्हें इसके लिए हल्द्वानी भेजा जा रहा है।
अल्मोड़ा के बेस अस्पताल में लगी सीटी स्कैन मशीन बार-बार खराब हो जा रही है। करीब दो माह पहले भी मशीन काफी दिन तक खराब पड़ी रही। तब भी इसे काफी दिनों बाद दुरुस्त कराया जा सका। इधर पिछले एक माह से यह मशीन फिर से खराब पड़ी है। अल्मोड़ा के किसी अन्य प्राइवेट अथवा सरकारी अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा नहीं है जिससे रोगियों को सीटी स्कैन के लिए हल्द्वानी भेजा जा रहा है। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर निर्धन तबके के लोग सीटी स्कैन नहीं करवा पा रहे हैं।
इधर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हर्ष कनवाल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सीटी स्कैन मशीन चालू कराने की मांग की है। उन्होंने सीटी स्कैन मशीन शीघ्र ठीक नहीं होने पर अस्पताल में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है। वहीं बेस अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डा. डीपी दुर्गापाल ने बताया कि मशीन को दुरुस्त कराने के लिए कंपनी को सूचना भेजी गई है। साथ ही स्वास्थ्य महानिदेशक को भी इस बारे में पत्र लिखा गया है।