स्थानीय स्टेडियम में बैडमिंटन का प्रशिक्षण ले रहे सात बैडमिंटन खिलाड़ी और कोच एक मई से थाईलैंड के बैंकाक के बैंथिन बैडमिंटन स्कूल में प्रशिक्षण लेंगे। खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बैंकाक के लिए रवाना कर शुभकामनाएं दीं।
बैडमिंटन संघ के प्रवक्ता गोकुल सिंह मेहता ने बताया कि स्थानीय स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने वाले चिराग सेन, लक्ष्य सेन, बोधित जोशी, उन्नति बिष्ट, स्नेहा रजवार, शिवम मेहता, अनुपमा उपाध्याय अंतर्राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण लेने बैंकाक के लिए रवाना हो गए हैं। खिलाड़ी बैन्थिनगौर्ड बैडमिंटन स्कूल में 31 मई तक विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे। कोच डीके सेन भी खिलाड़ियों के साथ बैंकाक गए हैं। चिराग सेन, लक्ष्य सेन, बोधित जोशी ने अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि अंडर-13, अंडर-15 के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण कैंप में भाग लेने का अवसर मिला है। इससे उनके खेल में निखार आएगा।
उन्होंने कहा कि छोटी सी जगह से एक साथ सात खिलाड़ियों का अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण में भाग लेना बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों और कोच को बैंकाक रवाना होने पर खेल प्रेमियों ने विदाई दी। इस मौके पर बैडमिंटन संघ के महासचिव बीएस मनकोटी, एडीएम प्रकाश चंद्र, एसडीएम अनिल चन्याल, रिंकू बिष्ट, प्रशांत जोशी, रामअवतार, राकेश जायसवाल, अनिल नैनवाल, गोकुल मेहता, संजय नज्जौन, सुरेश कर्नाटक, जगमोहन फर्त्याल, नंदन रावत, विजय प्रताप, अमरनाथ सिंह, कमल गुप्ता, एमसी जोशी, प्रकाश पांडे, संतोष जोशी, दीपक वर्मा आदि मौजूद थे।