सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सात किमी लंबी सोमेश्वर-भैसड़गांव रोड का सुधारकीरण कार्य कछुवा गति से चल रहा है। मार्ग में जगह-जगह कलमठ अधूरे पड़े हैं। गड्ढों में बारिश का पानी जमा है, लेकिन लोनिवि एडीबी खंड सड़क का काम दो साल बाद भी पूरा नहीं कर सका है। इस कारण क्षेत्र के करीब डेढ़ दर्जन से अधिक गांव के लोगों को दिक्कतें का सामना करना पड़ रहा है।
सात करोड़ रुपये से इस सड़क का सुधारीकरण का काम दो साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। इस सड़क में करीब दर्जन भर कलमठों का काम अधूरा पड़ा है जो कि दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। डामर उखड़ने से सड़क में बने बड़े-बड़े गड्ढों में बरसाती पानी जमा हुआ है।
इस मार्ग से होकर बैगनियां, महरागांव, डिगार, फल्यांटी, बनौड़ा, भूलगांव, भैसडग़ांव, चौड़ा, खर्कवालगांव, आगररौलकुड़ी, चौड़ा, बजेलीगांव आदि क्षेत्र के लोग आते-जाते हैं। सात करोड़ रुपये में से अब तक ठेकेदार ने मात्र 1.5 करोड़ रुपये का ही कार्य किया है। बरसात का सीजन शुरू हो गया है यदि जल्द सड़क का काम पूरा नहीं किया गया तो यह सड़क कई स्थानों पर मलबा आने से बंद भी हो सकती है।