गड्ढों में तब्दील बैजनाथ-कौसानी मोटर मार्ग।
- फोटो : GARUD
गरुड़ (बागेश्वर)। बैजनाथ कौसानी मोटर मार्ग पर लोनिवि की ओर से एक माह पहले किया गया मिट्टी और पत्थरों का भरान पहली बारिश नहीं झेल पाया। गड्ढों पर भरी मिट्टी और पत्थर बारिश से बहने से सड़क की हालत और बदहाल हो गई है। सड़क पर कई जगह पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं।
बैजनाथ कौसानी मोटर मार्ग की दूरी मात्र 15 किमी है। यह सड़क प्रांतीय खंड लोनिवि के अधीन है। मोटर मार्ग वाहनों का काफी दबाव रहता है। लोनिवि की ओर से सड़क के किनारे नालियों का निर्माण न करने से हल्की बारिश में नालियों का पानी सड़क पर बहने लगता है। जिससे सड़क पर कई जगह गड्ढे बने हुए है। कोई एक माह पर पहले विभाग ने इन गड्ढों पर मिट्टी और पत्थरों का भरान किया था। जो पहली बारिश में बह गया है। इस समय इस मार्ग की हालत यह है कि बैजनाथ से कौसानी तक हल्के वाहन से सफर करने एक घंटा लगता है।
मार्ग पर गड्डे बनने से आये दिन वाहन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पूर्व प्रमुख भरत फर्स्वाण, प्रकाश कोहली, एडवोकेट हरीश भट्ट का कहना है कि कौसानी बैजनाथ मोटर मार्ग पर डामरीकरण कराने की दो साल पूर्व घोषणा की थी। आज तक डामरीकरण नहीं हुआ है। उन्होंने सांसद और विधायक पर झूठी घोषणा करने का आरोप लगाया है।
बैजनाथ कौसानी मोटर मार्ग पर कई जगह पर गड्ढे बने हैं। विभाग ने एक माह पूर्व गड्ढों को मिट्टी और पत्थर से पाटा था। बजट उपलब्ध न होने के कारण विभाग सड़क पर बने गड्ढों को डामर से बंद नहीं कर पा रहा है। शासन से बजट अवमुक्त करने को पत्र लिखा गया है।
-एके तिलारा ईई प्रांतीय खंड लोनिवि बागेश्वर