अल्मोड़ा में बीएसएनएल के एसडीओ के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपते कांग्रेसी।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा को दुरुस्त करने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीएसएनएल के एसडीओ कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि यदि एक पखवाड़े के भीतर सेवा दुरुस्त नहीं की गई तो विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि एसएसए मुख्यालय होने के बावजूद अल्मोड़ा में बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा अक्सर बाधित हो जाती है। जनता विभागीय अधिकारियों से शिकायत करती है, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आरोप लगाया कि पिछले 15 दिन से इंटरनेट सेवा में आए दिन व्यवधान आ रहा है। वहीं नेट की स्पीड भी काफी धीमी रहती है और उपभोक्ताओं का काम प्रभावित होता है। नेट सेवा के सही काम न करने से कार्यालयों में भी कामकाज पर असर पड़ता है। लॉकडाउन में विपरीत समय में विद्यार्थियों को भी ऑनलाइन पठन-पाठन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 4जी डाटा स्पीड के नेट प्लान पर उपभोक्ताओं को 2जी, 3जी स्पीड का डाटा मिलना सरासर धोखाधड़ी है। इससे उपभोक्ता अधिकारों का भी हनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने की बात कर रहे हैं लेकिन बीएसएनएल की लचर सेवाओं के चलते डिजिटल इंडिया के सपने को असफल कर रहा है। यदि 15 दिन के भीतर ब्रॉडबैंड सेवा को दुरुस्त कर प्लान के हिसाब से नेट स्पीड उपभोक्ताओं को नहीं दिलवाई गई तो कांग्रेसजन बीएसएनएल के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन को बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतेला, महिला इकाई जिलाध्यक्ष लता तिवारी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, जिला सचिव दीपांशु पांडे, सेवादल प्रदेश ध्वज प्रभारी संजय दुर्गापाल, गीता मेहरा, अरविंद रौतेला, अनिल कुमार, रॉबिन भंडारी, देवेंद्र बिष्ट आदि शामिल रहे।