नमक के दाम बढ़ने की अफवाह फैलने के बाद अल्मोड़ा में भी देर रात कई लोगों ने भारी मात्रा में नमक खरीद लिया। इस बीच कुछ दुकानदारों ने 30 से 50 रुपए किलो तक नमक बेचा। नमक की कालाबाजारी रोकने और अफवाह पर विराम लगाने के लिए शनिवार को एसडीएम के नेतृत्व में अधिकारियों ने दुकानों में छापेमारी की। प्रशासन ने कहा है कि नमक की कहीं कोई कमी नहीं है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि बेवजह अधिक मात्रा में नमक खरीदने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
सोशल साइट्स में नमक का स्टाक खत्म होने की अफवाह फैलते ही लोगों में यहां भी नमक खरीदने की होड़ देखी गई। कुछ लोगों ने एक साथ नमक के कई पैकेट से खरीद डाले जिससे कुछ दुकानों में नमक भी खत्म हो गया। कुछ व्यापारियों ने भी मौके का फायदा उठाकर 18 रुपए वाले नमक के पैकेट को 30 से 50 रुपए में बेच दिया। इधर जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह नगर के विभिन्न बाजारों, गोदामों में छापेमारी अभियान चलाया। उन्होंने दुकानदारों को निर्धारित रेट में एक परिवार को एक पैकेट नमक देने के निर्देश देते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। एसडीएम विवेक राय ने नमक की कमी को सिर्फ अफवाह बताते हुए यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर नमक बेचता हुआ पाया गया या नमक की कालाबाजारी का प्रयास किया गया तो ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नमक की अनावश्यक जमाखोरी करने वालों को भी चिन्हित किया जाएगा। एसडीएम ने मंडी में शराब की दुकान में रेट सूची छिपाने पर दुकानदार का चालान भी किया। छापेमारी अभियान में एसडीएम के अलावा जिला पूर्ति अधिकारी टीएन उपाध्याय, खाद्य निरीक्षक डा. अभय कुमार सिंह आदि शामिल थे।