अल्मोड़ा महोत्सव में उमड़ी दर्शकों की भीड़
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा महोत्सव में शनिवार रात हुई स्टार नाइट में बॉलीवुड गायक कुणाल गांजावाला ने अपने गीतों से दर्शकों को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। देर रात तक दर्शक उनके गीतों के साथ झूमते रहे। हास्य कवि सम्मेलन में प्रताप फौजदार ने लोगों को खूब हंसाया। इससे पहले शुक्रवार रात बॉलीवुड गायिका श्रद्धा पंडित के साथ ही अल्मोड़ा के उभरते आर्टिस्ट और एमटीवी के शो हसल से चर्चा में रहे गौरव मनकोटी ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और देर रात तक युवा उनके गीतों में नृत्य करते रहे।
अल्मोड़ा महोत्सव में शनिवार दिन में नगर के विभिन्न स्कूली बच्चों ने नृत्य और गीतों की प्रस्तुति दी। शनिवार दिन में मशहूर जादूगर पीके शकाल ने जादू दिखाकर लोगों को मोहित कर दिया। उन्होंने कबूतर को खरगोश बनाकर और बच्चों के शरीर से पानी निकालने का जादू दिखाकर सबको अचरज में डाल दिया। इस दौरान स्थानीय कलाकार अलका पांडे ने भी हिंदी गीत सुनाए। स्कूली बच्चों ने एकल नृत्य की प्रस्तुति दी। इससे पहले शुक्रवार रात तालियों की गड़गड़ाहट के बीच पार्श्व गायिका श्रद्धा पंडित के गानों ने मौजूद लोगों को झूमने को मजबूर कर दिया। उनके गाने ससुराल गेंदा फूल, तेरी गलियां, गलियां तेरी गलियां मुझको भावे तेरी गलियां और बरेली वाले झुमके पर जिया ललचाए गीतों ने खूब वाहवाही लूटी। श्रद्धा पंडित के गीतों पर स्टेज में स्थानीय लड़कियों ने भी नृत्य किया। एमटीवी के शो हसल कार्यक्रम से चर्चा में रहे नगर के युवा आर्टिस्ट गौरव मनकोटी ने स्टेज शो के दौरान ठंडी फिजाएं न फिसले मेरे हाथ.. रैप की शानदार प्रस्तुति दी। उनके साथ किंग और मिलॉय ने भी प्रस्तुतियां दीं। शास्त्रीय संगीत जगत सात्विक वीणा की सौगात देने वाले मशहूर वीणा वादक पं. सलित मोहन भट्ट ने भारतीय शास्त्रीय संगीत पर आधारित अनेक रागों पर गायन किया। तबले पर तबला वादक अभिषेक मिश्रा ने संगत की। महोत्सव में स्थानीय युवाओं ने भी गीत संगीत की प्रस्तुति दी। इस मौके पर जिलाधिकारी और अन्य अतिथियों ने सभी कलाकारों को सम्मानित किया। संचालन वर्षा शर्मा ने किया।