अल्मोड़ा में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा रविवार को अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा राजकीय आदर्श इंटर कालेज (जीआईसी) अल्मोड़ा में आयोजित की गई। नौवीं से बारहवीं कक्षा के पंजीकृत कुल 162 विद्यार्थियों में से 81 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति के लिए परीक्षा अल्मोड़ा में राजकीय आदर्श इंटर कालेज में रविवार को हुई। परीक्षा का समय डेढ़ घंटा निर्धारित था। सुबह 11 बजे से 12:30 बजे तक परीक्षा हुई। अल्मोड़ा केंद्र में आयोजित परीक्षा के लिए नौवीं और दसवीं के 54 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इनमें से 20 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि ग्यारहवीं और बारहवीं के पंजीकृत 108 छात्र-छात्राओं में से 61 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा में अल्मोड़ा नगर, रानीखेत, भिकियासैंण आदि इलाकों के अलावा बागेश्वर, कांडा, गैरसैंण (चमोली) गरमपानी से आए अभ्यर्थी शामिल हुए। मालूम हो कि अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए देशभर में ऑनलाइन फार्म भरे गए थे। परीक्षा में देशभर में एक लाख से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत थे।