जागेश्वर (अल्मोड़ा)। जागेश्वर धाम समेत पूरे क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी बिजली आपूर्ति ठप रहने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को दिनभर बिजली गुल रहने के बाद शनिवार सायं होते ही एक बार फिर आपूर्ति बाधित हो गई।
अचानक अंधेरा छा जाने से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। श्रद्धालुओं को मोबाइल की रोशनी के सहारे अपने ठिकानों तक पहुंचना पड़ा। खासकर बाहर से आए यात्रियों को रास्तों की जानकारी न होने के कारण अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ती भीड़ के बीच इस तरह की बिजली कटौती व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति को सुचारु करने की मांग की है।
वहीं बिजली विभाग के जेई प्रमोद कुमार गुरुरानी ने बताया कि पनुवानौला के पास जंगल में पेड़ गिरने से शुक्रवार को सप्लाई बाधित हुई थी। शनिवार शाम स्यालीधार के पास फाल्ट आने से फिर आपूर्ति प्रभावित हो गई। उन्होंने कहा कि फाल्ट को ठीक करने का कार्य जारी है और जल्द ही व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।