बैडमिंटन कोर्ट परिसर का निरीक्षण करते जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया।
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण करते हुए कोर्ट की मैटिंग अव्यवस्थित मिलने पर कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता का वेतन रोकेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कोर्ट परिसर में निष्प्रयोज्य सामान की नीलामी करने, परिसर में सफाई का विशेष ध्यान देने और सप्ताह में एक दिन श्रमदान करवाने के निर्देश खेल अधिकारी को दिए।
औचक निरीक्षण में पहुंचे जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करते हुए बैडमिंटन कोर्ट की मैटिंग अव्यवस्थित होने पर नाराजगी जताते हुए सहायक अभियंता आरपी पांडे के वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परिसर में रंग-रोगन करने के निर्देश देते हुए छात्रावास में रह रहीं छात्राओं से भी बातचीत की और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। इस दौरान खेल अधिकारी सीएल वर्मा, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आरपी पांडे समेत अन्य लोग मौजूद थे।