मौलेखाल। विकासखंड सल्ट के झिमार क्षेत्र में खराब मौसम और लगातार बारिश के बीच गीली सड़कों पर डामरीकरण किए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार झिमार में स्थापित हॉटमिक्स प्लांट से स्टेट हाईवे-32 के गुलार से सराईखेत मार्ग के करीब 35.5 किलोमीटर हिस्से में डामरीकरण किया जाना है। लेकिन बीते दो दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण सड़कें पूरी तरह गीली हैं। इसके बावजूद ठेकेदार कंपनी द्वारा डामर बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि डामर में प्रयुक्त सामग्री भी गीली थी। फिर भी मंगलवार को करीब आठ डंपर सामग्री गीली सतह पर बिछा दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्य पूरी तरह मानकों के विपरीत किया जा रहा है जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर डामर उखड़ने भी लगा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया है।
कोट
आज डामरीकरण का कार्य नहीं होना था। फिर भी कार्य हो रहा है इसकी मुझे जानकारी नहीं है। मैं ठेकेदार से बात करता हूं। - अंकित लखेड़ा, जेई पीडब्ल्यूडी-